Saturday, April 18th, 2026

12 एकड़ भूमि अधिग्रहण को मंजूरी, मुजफ्फरपुर में बागमती नदी पर बनेगा एलिवेटेड ब्रिज

मुजफ्फरपुर.

औराई के बभनगामा में बागमती नदी पर एलिवेटेड ब्रिज के निर्माण के लिए 12.4857 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। समाहर्ता ने इसे लेकर स्वीकृति प्रदान कर दी है। बभनगामा मौजा के 87 रैयतों से इस भूखंड का अधिग्रहण किया जाएगा। इसकी अधिसूचना का प्रकाशन कर दिया गया है।

इसके लिए समाजिक प्रभाव आकलन भी कराया जा चुका है। इसमें परियोजना को लोक प्रयोजनाथ बताया गया था। हालांकि भूमि अधिग्रहण के कारण कुछ परिवारों के विस्थापित होने की संभावना है। इन सभी को चिह्नित कर पुनर्वास योजना का लाभ भी दिया जाएगा। अब शीघ्र ही अधिग्रहित की जाने वाले भूमि का किस्म और दर का निर्धारण किया जाएगा। इसके लिए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा। विदित हो कि औराई-हथौड़ी-अतरार-बभनगामा पथ का निर्माण किया जा रहा है। इसकी लंबाई 21.36 किलोमीटर है।

इसी में बागमती नदी पर 3.35 किमी लंबा एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण किया जाना है। इस परियोजना पर 814.22 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका निर्माण बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के द्वारा किया जा रहा है। यह फोरलेन सड़क होगी। इस पथ के बनने से बाढ के समय भी औराई प्रखंड का संपर्क मुख्यालय से भंग नहीं होगा। सीतामढ़ी तक आवागमन सुगम होगी। इससे क्षेत्र के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और लोगों को लंबे व घुमावदार रास्तों से राहत मिलेगी।

वर्तमान में मुजफ्फरपुर और औराई के बीच आवागमन में लोगों को वैकल्पिक मार्गों के तौर पर सीतामढ़ी जिले का सहारा लेना पड़ता है, जिससे दूरी और समय दोनों अधिक लगते हैं। इस पथ के बनने के बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी। दो साल में सड़क निर्माण को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

#Elevated Bridge

Source : Agency

आपकी राय

2 + 2 =

पाठको की राय