Saturday, April 18th, 2026

West Bengal: मेदिनीपुर कोर्ट में बम की अफवाह, सुरक्षा एजेंसियों ने खंगाला कोना-कोना

संसू, मेदिनीपुर

पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर शहर स्थित जिला अदालत परिसर में शुक्रवार दोपहर उस वक्त दहशत फैल गई, जब कोर्ट में बम रखे होने की सूचना मिली। इस धमकी भरी खबर के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा।
ईमेल के जरिए दी गई धमाके की धमकी 

मिली जानकारी के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट जज के कार्यालय में एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें अदालत परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। खबर फैलते ही जजों, वकीलों और वादकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। 

सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस सुबह 11 बजे तक मौके पर पहुंच गई। इसके बाद दोपहर 12 बजे बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और खोजी कुत्तों (Sniffer Dogs) की टीम ने मोर्चा संभाला। 

घंटों चली तलाशी, नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान 

बम निरोधक दस्ते ने मेटल डिटेक्टर और स्निफर डॉग्स की मदद से करीब तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अदालत के मुख्य भवनों से लेकर कोने-कोने की जांच की गई। 

गहन जांच के बाद जब कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, तब जाकर सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस घटना के कारण अदालत का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। 

जनजीवन और न्यायिक कार्य प्रभावित 

सरकारी अधिवक्ता गौतम मल्लिक ने घटना पर रोष जताते हुए कहा कि ऐसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि दूर-दराज से आए लोगों को बिना सुनवाई के खाली हाथ लौटना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई। 

गौरतलब है कि पिछले महीने भी आईआईटी खड़गपुर, घाटाल और झाड़ग्राम के उप डाकघर में इसी तरह की झूठी खबरें फैलाकर दहशत पैदा करने की कोशिश की गई थी। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई है। 

 

 

#bomb scare

Source : Agency

आपकी राय

12 + 9 =

पाठको की राय