Friday, April 24th, 2026

शामली में हैरान करने वाला मामला, सड़क पर बिखरे 4 लाख रुपये थाने में जमा

शामली

उत्तर प्रदेश के शामली जनपद से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मेरठ-करनाल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर अचानक नोटों की बारिश होने लगी। इसकी पुलिस को मिली तो टीम ने तत्काल मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया। नोटों को सड़क के उठवाकर अपने कब्जे में ले लिया। गिनती कराई तो चार लाख रुपए थे। इनमें पांच सौ, दो सौ और सौ के नोट शामिल हैं। बताया जाता है कि यह नोट एक बाइक सवार के बैग से गिर रहे थे और उसे पता नहीं चल पाया। हालांकि वह बाइक सवार अभी तक अपने नोटों पर दावा करने भी नहीं पहुंचा है। नोट पर लगी स्लीप से पता चलता है कि उसे किसी बैंक से निकाला गया था।

बाइक चलती रही, नोट बिखरते रहे
यह वाकया गुरुवार देर शाम का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक सवार युवक मेरठ-करनाल हाईवे से तेज रफ्तार में गुजर रहा था। उसकी पीठ पर एक काला बैग टंगा था, जिसकी चेन संभवतः सफर के दौरान खुल गई थी। युवक को इस बात की भनक नहीं लगी और बैग में रखी नोटों की गड्डियां सरककर गिरने लगीं। कुछ नोट बिखर गए तो कुछ गड्डी समेत सड़क पर गिर गए। बताया जाता है कि हाईवे पर करीब आधा किलोमीटर तक नोट बिखरते रहे और बाइक सवाल अपनी ही धुन में गाड़ी लेकर चलता रहा।

राहगीर की ईमानदारी और पुलिस की फुर्ती
उसी समय मुजफ्फरनगर के थाना फुगाना क्षेत्र के गांव खरड निवासी अमित कुमार वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने काबड़ौत पुल के पास जब नोट बिखरते देखे और बाइक सवार को दूर जाते देखा तो तुरंत पास ही चेकिंग कर रहे बलवा चौकी इंचार्ज मुकेश दिनकर को इसकी सूचना दी। पुलिस टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाल लिया। सड़क पर बिखरी नोटों की गड्डियों को उठाना शुरू किया। पुलिस ने करीब 500 मीटर के दायरे में फैले नोटों को इकट्ठा किया।

सड़क से चार लाख बरामद
पुलिस ने कुल 4 लाख रुपये बरामद किए हैं। इनमें 500-500 के नोटों की 6 गड्डियां, 200-200 के नोटों की 4 गड्डियां और 100-100 के नोटों की 2 गड्डियां शामिल हैं। खास बात यह है कि इन गड्डियों पर एक बैंक की पर्ची और मोहर भी लगी हुई है, जिससे मालिक तक पहुंचने का रास्ता आसान हो सकता है।

मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) सुमित शुक्ला ने बताया कि बरामद की गई रकम को फिलहाल थाने के मालखाने में जमा करा दिया गया है। पुलिस अब हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उस बाइक सवार की पहचान की जा सके। साथ ही, संबंधित बैंक से भी संपर्क किया जा रहा है जिसकी पर्ची गड्डियों पर लगी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक जिले के किसी भी थाने में इतनी बड़ी रकम खोने की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने अपील की है कि जिस भी व्यक्ति के ये रुपये खोए हैं, वह उचित प्रमाण और बैंक संबंधी दस्तावेज पेश कर अपनी रकम वापस ले सकता है। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन अमित जैसे ईमानदार नागरिक की भी सराहना कर रहे हैं, जिनकी सतर्कता से यह बड़ी रकम सुरक्षित पुलिस तक पहुंच गई।

 

#Cash Recovery

Source : Agency

आपकी राय

4 + 8 =

पाठको की राय