Saturday, July 25th, 2026

एशियन गेम्स 2026 और वेस्टइंडीज सीरीज के लिए बीसीसीआई को बनानी होगी दो टीमें

नई दिल्ली
सितंबर-अक्तूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया अपने कई प्रमुख खिलाड़ियों के बिना मैदान पर उतेगी. इसकी वजह एशियन गेम्स 2026 है, जिसकी क्रिकेट प्रतियोगिता और वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज लगभग एक ही समय पर आयोजित होगी.

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 27 सितंबर से 3 अक्टूबर के दौरान होनी है. वहीं जापान में होने वाले एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी. दोनों टूर्नामेंट की तारीखें टकराने के कारण भारतीय चयनकर्ताओं को दो अलग-अलग स्क्वॉड तैयार करने पड़ेंगे.

एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय टी20 टीम में शामिल कुल 8 खिलाड़ी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में उपलब्ध नहीं होंगे. इस सूची में श्रेयस अय्यर, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी शामिल हैं.

इनमें से श्रेयस अय्यर, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और अर्शदीप सिंह हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा थे. वहीं नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा चोट के चलते उस सीरीज में नहीं खेल पाए थे.

जडेजा-ऋतुराज की हो सकती है एंट्री
आठ प्रमुख खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी चयनकर्ताओं के लिए चुनौती जरूर होगी, लेकिन इससे कुछ युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने का सुनहरा अवसर भी पैदा होगा. ऐसे खिलाड़ियों में यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और आयुष बदोनी शामिल हैं. इनमें कुछ खिलाड़ियों को वनडे खेलने का काफी अनुभव है, जबकि कुछ हाल ही में भारतीय टीम के साथ जुड़े रहे हैं.

एशियन गेम्स 2026 में भारत की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे, जबकि तिलक वर्मा उप-कप्तान होंगे. टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.

एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक की उम्मीदों को बरकरार रखना और साथ ही वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में मजबूत प्रदर्शन करना, दोनों ही बीसीसीआई के लिए बड़ी चुनौती होंगे. ऐसे में चयनकर्ताओं की नजरें उन खिलाड़ियों पर रहेगी जो लंबे समय से टीम इंडिया के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं. अगर यह मौका सही तरीके से भुनाया गया तो वेस्टइंडीज सीरीज भारतीय क्रिकेट को कई नए वनडे सितारे भी दे सकता है.

 

#ODI series

Source : Agency

आपकी राय

4 + 2 =

पाठको की राय