Thursday, April 16th, 2026

उपराष्ट्रपति के दौरे से बदली रांची की ट्रैफिक व्यवस्था, कई मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित

रांची.

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची दौरे को लेकर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। उनके आगमन, एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक आवागमन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।

पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, शुक्रवार को सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक रांची शहर के भीतर बड़े और छोटे मालवाहक वाहनों, बसों तथा अन्य वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि, आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। भारी वाहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रिंग रोड का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है।

ट्रैफिक को डायवर्ट या पूरी तरह से रोका भी जा सकता है
ट्रैफिक प्लान के तहत रांची से खूंटी और कांके की ओर जाने वाले वाहनों को रिंग रोड के जरिए अपने गंतव्य तक भेजा जाएगा। वहीं, शहर के अंदर प्रवेश करने वाले वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर विभिन्न मार्गों पर थोड़े समय के लिए ट्रैफिक को डायवर्ट या पूरी तरह से रोका भी जा सकता है।

रामपुर चौक तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों—हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, कचहरी चौक, होटल चौक, राम मंदिर चौक, एटीआई मोड़ और राधाकृष्ण चौक पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे के बीच ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सवारी वाहनों के परिचालन पर भी आवश्यकता अनुसार प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इसके अलावा नया सराय रिंग रोड से रामपुर चौक तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। जमशेदपुर और बुंडू की ओर से आने वाले वाहनों को रिंग रोड से डायवर्ट करते हुए शहर में प्रवेश कराया जाएगा, जबकि रांची से जमशेदपुर जाने वाले वाहनों को दुर्गा सोरेन चौक से टाटीसिलवे होते हुए रिंग रोड के रास्ते भेजा जाएगा।

यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी लेकर निकलें
खूंटी रोड स्थित ओटीसी और सदाबहार चौक के बीच भी बड़े वाहनों, बसों और सवारी गाड़ियों के परिचालन पर रोक लागू रहेगी। प्रशासन ने बताया कि आकस्मिक सेवा वाले वाहन जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड आदि को सभी प्रतिबंधों से छूट रहेगी। 
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी लेकर ही घर से निकलें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सके। सुरक्षा एजेंसियों और ट्रैफिक पुलिस को हर प्रमुख प्वाइंट पर तैनात किया जाएगा, जिससे वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।

 

#Ranchi Traffic

Source : Agency

आपकी राय

12 + 9 =

पाठको की राय