Wednesday, July 8th, 2026

हेमंत सोरेन होंगे रथ यात्रा उद्घाटन में शामिल, प्रशासन ने कसी सुरक्षा व्यवस्था

रांची
रांची में जगन्नाथपुर रथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मंगलवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया. इसके बाद नीलाद्रि प्रशासनिक भवन में बैठक कर सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई. डीसी ने स्पष्ट कहा कि रथ यात्रा रांची की सांस्कृतिक पहचान है. आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य बनाने में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए. बैठक में डीसी ने सबसे पहले रथ यात्रा मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे तत्काल हटाए जाए, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई परेशानी न ह

मेले में 24 घंटे आपात सेवाएं रहेंगी तैयार
यातायात व्यवस्था भी पहले से बेहतर रखने को कहा गया. स्वास्थ्य विभाग को मेला क्षेत्र में पर्याप्त एंबुलेंस, मेडिकल टीम और जरूरी दवाइयों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सेवाएं 24 घंटे तैयार रहेंगी. अग्निशमन विभाग को फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को रेडी-टू-मूव स्थिति में रखने को कहा गया.

उदघाटन समारोह में शामिल होंगे सीएम
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की. इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी रथ यात्रा महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया. रथ यात्रा महोत्सव का शुभारंभ 16 जुलाई से होगा. उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वे उ‌द्घाटन समारोह मैं सम्मिलित होकर महोत्सव की गरिमा बढ़ायें, प्रतिनिधिमंडल में जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष एनएन पांडे, प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव, सचिव प्रसन्न कुमार, सदस्य गोपाल उपाध्याय, नीतू देवी, कमल ठाकुर और सहयोगी अमरदीप कौशल शामिल थे.

कहीं भी नहीं दिखे बिजली के खुले तार
बिजली विभाग को पूरे मेला क्षेत्र की वायरिंग की जांच करने का निर्देश दिया गया. कहीं भी बिजली के खुले तार नहीं रहने चाहिए. बिजली बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया.

मेला क्षेत्र में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी 24 घंटे कंट्रोल रूम से निगरानी करने का निर्देश दिया गया. रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र भी बनाया जाएगा. डीसी ने मीडिया की बेहतर कवरेज के लिए वॉच टावर बनाने का सुझाव दिया. इस अवसर पर सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर प्रशासक संजय कुमार, प्रशिक्षु आइएएस आस्था शरण, नजारत उप समाहर्ता डॉ सुदेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार आदि मौजूद थे.

हाइकोर्ट ने कहा - मेले के लिए पुख्ता सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करें
झारखंड हाइकोर्ट के जस्टिस आनंद सेन की अदालत ने धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर मंदिर के प्रबंधन, संचालन व परिसर की सुरक्षा-व्यवस्था के मामले में सुनवाई की. अदालत ने झारखंड राज्य हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड का पक्ष सुनने के बाद मंदिर के प्रबंधन और संचालन की योजना पेश करने के लिए उसे समय प्रदान किया. साथ ही अदालत ने राज्य सरकार को आनेवाले ऐतिहासिक रथ यात्रा मेले के लिए पुख्ता सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मामले की अगली सुनवाई के लिए अदालत ने 22 जुलाई की तिथि निर्धारित की. इससे पूर्व धार्मिक न्यास बोर्ड की ओर से अधिवक्ता भरत कुमार ने अदालत को बताया कि बोर्ड एक व्यापक प्रबंधन योजना तैयार करने की प्रक्रिया में है. उन्होंने बोर्ड को और समय देने का आग्रह किया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया. वहीं राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता रोहितश्य रॉय ने अदालत को बताया कि पुलिसकर्मियों की तैनाती के संबंध में पहले दिए गए निर्देश में बदलाव किया गया है और अब मंदिर की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.

 

#Rath Yatra

Source : Agency

आपकी राय

14 + 14 =

पाठको की राय