धान की खरीदी 1 दिसंबर से 20 जनवरी 2026 तक की जाएगी: गोविंद सिंह राजपूत
सागर
राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान, ज्वार और बाजरा की एमएसपी उपार्जन नीति जारी कर दी है। ज्वार एवं बाजरा की खरीदी 24 नवंबर से 24 दिसंबर तक और धान की खरीदी 1 दिसंबर से 20 जनवरी 2026 तक की जाएगी। उपार्जन सोमवार से शुक्रवार होगा।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि सभी कलेक्टरों व संबंधित एजेंसियों को नीति का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एमएसपी पर खरीदी की नोडल एजेंसी मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन होगी।
न्यूनतम समर्थन मूल्य
धान (कॉमन) – ₹2369 प्रति क्विंटल
धान (ग्रेड-ए) – ₹2389
ज्वार (मालदण्डी) – ₹3749
ज्वार (हाइब्रिड) – ₹3699
बाजरा – ₹2775
किसानों की सुविधा अनुसार उपार्जन केंद्र गोदाम/केप परिसर में प्राथमिकता से स्थापित किए जाएंगे। बारदाना व्यवस्था उपार्जन एजेंसी करेगी, जिसमें धान के लिए पुराने व नए जूट बारदानों का उपयोग होगा।
गुणवत्ता परीक्षण उपार्जन केंद्र और भंडारण स्थल पर दो संस्थाएं करेंगी। किसान पंजीयन के आधार पर अधिकतम विक्रय योग्य मात्रा तय होगी तथा उपार्जन के लिए स्लॉट बुकिंग अनिवार्य रहेगी।

पाठको की राय