Monday, August 10th, 2026

JPSC-JSSC विवाद में आर-पार की लड़ाई, छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ी; महतो बोले- लिखित आश्वासन जरूरी

रांची
 राजधानी रांची में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के 18वें दिन सोमवार (10 अगस्त) को विधानसभा घेराव के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया।

जगरनाथपुर सेक्टर-2 के पास पुलिस द्वारा लगाई गई मजबूत बैरिकेडिंग को छात्रों ने पार कर आगे बढ़ना शुरू कर दिया। देवेंद्र नाथ महतो एंबुलेंस से विधानसभा के लिए रवाना। विधानसभा घेराव को छात्रों के साथ महतो भी पूरे जोश में सड़क हैं। देवेंद्रनाथ को उनके सहयोगी कंधे पर उठाकर एचईसी स्थित शहीद मैदान पहुंचे।

बॉर्डर जैसी कंटीली तारों वाली बैरिकेडिंग भी छात्रों को रोक नहीं सकी। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शनकारी तीसरी बैरिकेडिंग पार कर झारखंड विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं। भारी पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद छात्रों का यह दबाव बढ़ता दिख रहा है।

बैरिकेडिंग के पीछे से जगन्नाथपुर मंदिर के रास्ते शॉर्टकट गेट से भी आगे बढ़ रहे छात्र। यही गति रही तो सभी बैरियर टूटना तय है।पुलिस-प्रशासन की ओर से शहीद मैदान से हाई कोर्ट तक कुल आठ बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस को झांसा देकर शार्ट कट रास्ते से भी कुछ आंदोलनकारी सात बैरियर फांद कर आगे बढ़ते दिख रहे हैं।

जगरनाथपुर सेक्टर-2 के पास पुलिस की तीन परत वाली बैरिकेडिंग लांघी
जहां प्रदर्शकारी रोके गए हैं वहां से झारखंड हाई कोर्ट तक कुल पांच बैरिकेडिंग हैं। एक जगन्नाथपुर मंदिर के सामने प्रवेश द्वार के पास है। वहीं तक प्रदर्शकारी आ सकते हैं। दूसरी  व तीसरी बैरिकेडिंग मंदिर के समानांतर साईं मंदिर, ऋषभ नगर की तरफ जाने वाले रास्ते के पास है। चौथी बैरिकेडिंग जगन्नाथनगर कॉलेज के सामने और पांचवी बैरिकेडिंग झारखंड हाई कोर्ट के पास है।

उधर, भाजपा नेताओं के समर्थन प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित कई विधायकों और नेताओं को हिरासत में लिया गया। उन्हें खेलगांव ले जाया जा रहा है।

विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो चुकी है, लेकिन विपक्ष अनुपस्थित रहा। भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ मेहतो एंबुलेंस से विधानसभा के लिए रवाना हुए। एक बैरिकेडिंग टूटा। छात्रों ने जगरनाथपुर सेक्टर-2 के पास पुलिस की तीन परत वाली बैरिकेडिंग लांघी, विधानसभा की ओर बढ़ा कूच।

छात्रों का कहना है कि उनकी मुख्य मांगें (विशेषकर CBI जांच और कुछ परीक्षाओं को रद करने सहित) पूरी तरह नहीं मानी गई हैं, इसलिए वे शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। प्रशासन ने विधानसभा परिसर के आसपास धारा 163 लगा रखी है और सुरक्षा कड़ी कर दी है। स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मुख्य पांच बैरिकेडिंग के पहले भी दो बैरिकेडिंग थी, जहां से छात्र जगन्नाथपुर मंदिर तक आसानी से आ चुके हैं। अब भी छात्रों को विधानसभा तक पहुंचना आसान नहीं है। जबरदस्त बैरिकेडिंग हुई है। एडीजी मनोज कौशिक, एसएसपी रांची राकेश रंजन सहित भारी संख्या में वरीय अधिकारी कर रहे हैं बल का नेतृत्व।

9 अगस्त को क्या हुआ, क्यों विधानसभा घेराव को नहीं रोक सकी सरकार?
रविवार को झारखंड सरकार के मंत्रियों की कमेटी की तीसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही। वार्ता के दौरान छात्रों की दो बड़ी मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। जेएसएससी की सीजीएल परीक्षा रद करने तथा परीक्षाओं में अनियमितता की सीबीआइ जांच की मांग मानने पर मंत्रियों की कमेटी तैयार नहीं हुई।

लगभग छह घंटे चली वार्ता में छात्रों की 98 प्रतिशत मांगों पर सहमति बनने की बात झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने मीडिया के समक्ष कही। साथ ही दो प्रतिशत मांगों पर सहमति नहीं बनने के पीछे के कारण भी गिनाए।

मंत्रियों की कमेटी ने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को अपने नेताओं से बात कर जवाब देने के लिए समय दिया है। इधर, वार्ता के बाद छात्रों ने आंदोलन जारी रखने तथा अपनी मांगों को लेकर सोमवार को विधानसभा का घेराव करने की बात कही।

न्यायिक आयोग गठित करने पर सरकार सहमत
वार्ता के दौरान मंत्रियों ने छात्रों से कहा कि सीजीएल की परीक्षा झारखंड उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर हुई है, इसलिए सरकार इसे रद करने में सक्षम नहीं है। इसकी जांच के लिए सेवानिवृत्त जज की अध्यक्षता में न्यायिक आयोग गठित करने पर सहमति दी।

सरकार की ओर से गठित चार मंत्रियों की कमेटी जेपीएससी की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, संयुक्त सिविल सेवा बैकलाग परीक्षा-2023 तथा संयुक्त सिविल सेवा बैकलाग परीक्षा-2025 को रद करने पर सहमत हो गई।

साथ ही जेपीएससी में हुई गड़बड़ियों की चल रही सीआइडी जांच के तहत 90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करने तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित कर उसके निष्पादन किए जाने पर भी दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी।

अवैध लेनदेन की ईडी से जांच को तैयार सरकार
छात्रों की मांगों पर मंत्रियों ने इसपर भी सहमति जताई कि चूंकि सीआइडी जांच में वित्तीय लेनदेन की बातें सामने आई है, इसलिए इसकी जांच ईडी से कराने का अनुरोध किया जाएगा। वार्ता में छात्रों ने एजेंसी टीडीपीएल से जुड़ी सभी परीक्षाओं को रद करने तथा उनकी सीबीआइ जांच की मांग की। इसपर मंत्रियों ने परीक्षा रद करने की जगह उसकी न्यायिक जांच कराने पर सहमति दी।

रिफार्म के लिए गठित होगी कमेटी
मंत्रियों ने बताया कि परीक्षा पद्धति में रिफार्म को लेकर आइआइटी-आइएसएम और एक्सएलआरआइ के विशेषज्ञों की कमेटी बनाकर उनसे सुझाव मांगा जाएगा। दोनों आयोगों तथा उनकी परीक्षा प्रक्रियाओं में व्यापक सुधार के लिए मंत्रियों ने आइआइटी (आइएसएम) तथा जेवियर स्कूल आफ मैनेजमेंट (एक्सएलआरआइ) के विशेषज्ञों के दिशा-निर्देश में कार्ययोजना बनाने को लेकर प्रस्ताव दिया, जिसपर छात्र संघ भी तैयार दिखे।

पहले राउंड की बैठक के बाद देवेंद्रनाथ से बात हुई
मंत्रियों के समूह ने पहले राउंड की बैठक के बाद भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्रनाथ महतो से वीडियो काल पर बात की और उन्हें निर्णयों की जानकारी दी। इसपर महतो ने कहा कि वार्ता को लेकर जो भी प्रमुख बातें हैं, वह लिखित तौर पर आ जाएं तो सहमति बन सकती है। सिर्फ बातों से काम नहीं चलेगा।

 

 

#student protest

Source : Agency

आपकी राय

3 + 3 =

पाठको की राय