Saturday, April 18th, 2026

मुस्तफिजुर रहमान की छुट्टी, शाहरुख खान की टीम से बाहर करने का आदेश, 9.20 करोड़ में हुआ था KKR में शामिल

नई दिल्ली

डियन प्रीमियर लीग (IPL) में बांग्लादेशी खिलाड़ी को खरीदने पर छिड़े विवाद के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने बड़ा फैसला ले लिया है. बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से मुस्तफिजुर रहमान को अपनी फ्रेंचाइजी से रिलीज करने के लिए कहा है.

मुस्तफिजुर की IPL फीस
बीसीसीआई ने ये कदम राजनीतिक नेताओं की तरफ से केकेआर और टीम के मालिक शाहरुख खान पर बांग्लादेशी खिलाड़ी खरीदने पर हो रही कड़ी आलोचना के बाद उठाया है. केकेआर ने बांग्लादेश के एक मात्र खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में 9.2 करोड़ में खरीदा था.

 बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के कोलकाता नाइटराइडर्स और आईपीएल 2026 से हटाने की मांगों के बीच BCCI ने बड़ा फैसला लिया है. BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने बताया है कि बोर्ड ने शाहरुख खान की स्वामित्व वाली आईपीएल फ्रेंचाइजी केकेआर से मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के आदेश दे दिए हैं. बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के बाद भारत में कई संगठनों ने मुस्तफिजुर को आगामी आईपीएल सीजन में न खेलने और केकेआर टीम से बाहर करने की मांग की थी.

BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा, ‘हाल में जो कुछ हो रहा है, उसे देखते हुए BCCI ने फ्रेंचाइजी KKR को बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है और यह भी कहा है कि अगर वे किसी रिप्लेसमेंट की मांग करते हैं, तो BCCI उस रिप्लेसमेंट की इजाजत देगा.’

BCCI सचिव ने क्या कहा?
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, 'BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने के लिए कहा है. उन्होंने आगे ये भी कहा कि यह फैसला हाल के घटनाक्रमों के कारण लिया गया है.'

बता दें कि भारत और बांग्लादेश के बीच तनावपूर्ण संबंधों को देखते हुए कई बीजेपी लीडर बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल से बाहर करने की मांग कर रहे थे, साथ में धमकी भी दे रहे थे कि अगर वो भारत खेलने आते हैं तो जहां पर भी उनका मैच होगा वहां का मैच नहीं होने दिया जाएगा.

क्या है मामला?
दरअसल, बांग्लादेश में हाल ही में कई हिंदू व्यक्तियों की हत्या कर दी गई, जिसने भारतीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया. बांग्लादेश में हिंदुओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उसका भारत में खूब विरोध हुआ. सोशल मीडिया पर बांग्लादेश से जो फोटोज वीडियो आए, उसने भारतीय लोगों को आगबबूला करने का काम किया. इसी को लेकर तमाम संगठनों ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के आईपीएल 2026 से बाहर करने की मांग की. उनका कहना है कि जब बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमला हो रहा है, ऐसे में उनके खिलाड़ी भारत में आकर कैसे खेल सकते हैं. देवकीनंदन ठाकुर ने भी इसका विरोध किया. बीजेपी और शिवसेना के कई नेताओं ने देश की भावनाओं का ध्यान न रखने के लिए शाहरुख खान और KKR पर निशाना साधा था. बीजेपी नेता संगीत सोम ने तो बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को बांग्लादेश के खिलाड़ी को साइन करने के लिए ‘गद्दार’ तक कह दिया था.

PL में बांग्लादेशी खिलाड़ी पर राजनितिक विवाद
इस मुद्दे पर राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं हुई हैं, जिसमें बीजेपी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और शिवसेना (UBT) के नेताओं ने अपनी राय रखी है. कई बीजेपी नेताओं ने कहना है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों की खबरों के बीच जानबूझकर एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल में साइन करना होंदुओं के उकसाने वाला लगता है, इसलिए उसका अनुबंध समाप्त कर दिया जाना चाहिए.

इस मुद्दे पर जम्मू और कश्मीर में भी प्रतिक्रियाएं हुईं, जहां शिवसेना (UBT) नेता मनीष साहनी ने चेतावनी दी कि अगर बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान KKR के लिए खेलते हैं तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा बढ़ रही है और IPL और आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में बांग्लादेशी खिलाड़ियों के पूर्ण बहिष्कार की मांग की.

इस बीच, बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि शाहरुख खान को यह तय करना होगा कि वह भारत के साथ हैं या 'राष्ट्र-विरोधी ताकतों' के साथ, यह कहते हुए कि अभिनेता को चल रही बहस के बीच अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.

वहीं कांग्रेस ने शाहरुख खान को 'चुनिंदा' तरीके से निशाना बनाने पर सवाल उठाया और ध्यान सरकार और क्रिकेट अधिकारियों की ओर मोड़ दिया. कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि सरकार से सवाल पूछा जाना चाहिए कि अगर अत्याचारों को लेकर चिंताएं वास्तविक थीं तो बांग्लादेशी खिलाड़ियों को IPL में भाग लेने की अनुमति क्यों दी गई. उन्होंने पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वरिष्ठ मंत्री इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं और BCCI और उसके सचिव जय शाह की भूमिका पर सवाल उठाया.

कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि शाहरुख खान की पहचान को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है और बीजेपी नेताओं और धार्मिक हस्तियों पर चुनिंदा आक्रोश का आरोप लगाया. उन्होंने सवाल उठाया कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना क्यों स्वीकार्य है, जबकि एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को साइन करना विवादास्पद हो गया है, और इस बहस को पिछड़ी और असभ्य बताया.

कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने खेल को धर्म और सामुदायिक पहचान से अलग रखने का आह्वान किया. बांग्लादेश में हिंसा की निंदा करते हुए, उन्होंने कहा कि क्रिकेट एक खेल रहना चाहिए, और खिलाड़ियों को राष्ट्रीयता के आधार पर निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए.

KKR के लिए झटका
BCCI का यह फैसला कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए बड़ा झटका है. मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर ने 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर खरीदा था. 16 दिसंबर 2025 को हुए मिनी ऑक्शन में केकेआर ने बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज को खरीदा था. उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपए था. चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ बिडिंग के बाद केकेआर इस 30 साल के गेंदबाज को अपनी टीम से जोड़ने में सफल रहा था.

टीम ने उन्हें मैच विनर के रूप में देखते हुए इतना मोटा पैसा दिया था. हालांकि, आगामी सीजन में अब टीम उनकी सेवाएं नहीं ले पाएगी. मुस्तफिजुर अनुभवी गेंदबाज हैं. खासकर उनकी डेथ-ओवर में कमाल की गेंदबाजी केकेआर के लिए कारगर साबित हो सकती थी. बांग्लादेश का यह बाएं हाथ का तेज गेंदबाज पहले भी IPL में कई फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुका है और अपने वेरिएशन और दबाव वाली स्थितियों में असरदार प्रदर्शन से प्रभावित किया है. मुस्तफिजुर रहमान 2016 से आईपीएल खेल रहे हैं. वह सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स, और सीएसके का हिस्सा रहै हैं. 60 आईपीएल मैचों में वह 65 विकेट ले चुके हैं.

क्या बांग्लादेश का दौरा करेगा भारत?
हालांकि, BCCI सेक्रेटरी ने बांग्लादेश के आगामी दौरे को लेकर अभी कुछ नहीं कहा है. दरअसल, भारत का सितंबर 2026 में तीन वनडे और तीन T20I खेलने के लिए बांग्लादेशी दौरा निर्धारित है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को शेड्यूल की घोषणा करते हुए बताया कि भारतीय टीम 28 अगस्त को ढाका पहुंचेगी. यह सीरीज पहले पिछले साल अगस्त में होने वाली थी, लेकिन बांग्लादेश में अशांति के कारण इसे रीशेड्यूल कर दिया गया. देखना यह होगा कि बांग्लादेश में तनावपूर्ण माहौल और भारत में इसके विरोध के बाद इस दौरे के लिए BCCI आने वाले समय में क्या फैसला लेता है.

 

#BCCI#ipl

Source : Agency

आपकी राय

1 + 5 =

पाठको की राय