Friday, July 10th, 2026

राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर स्वच्छता संकल्प, पूरे लखनऊ में विशेष सफाई अभियान

लखनऊ
 रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को लखनऊ नगर निगम द्वारा पूरे शहर में वृहद मेगा सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नगर निगम के समस्त 110 वार्डों में एक साथ विशेष सफाई कार्य कर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ लखनऊ का संदेश दिया गया।

मेगा सफाई अभियान का शुभारंभ महापौर सुषमा खर्कवाल ने हजरतगंज स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पार्षदगणों एवं नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके पश्चात महापौर ने स्वयं सफाई अभियान में सहभागिता करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया और नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

इस अवसर पर महापौर ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हम सभी के अभिभावक हैं। उनका लखनऊ के प्रति विशेष स्नेह, जनसेवा का भाव और शहर के विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके जन्मदिन के अवसर पर पूरे लखनऊ में चलाया गया यह वृहद सफाई अभियान सेवा, सम्मान और स्वच्छता के संकल्प की अभिव्यक्ति है।

महापौर ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जब जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक मिलकर स्वच्छता के लिए कार्य करेंगे, तभी लखनऊ को देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों में अग्रणी बनाया जा सकेगा।

अभियान के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने पूरे उत्साह के साथ अभियान में सहभागिता करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।

सभी 110 वार्डों में तैनात किए गए नोडल अधिकारी
मेगा सफाई अभियान को प्रभावी, सुव्यवस्थित और परिणाममुखी बनाने के लिए लखनऊ नगर निगम के समस्त 110 वार्डों में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई। नोडल अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित वार्डों में सफाई कार्यों की निगरानी, अभियान के प्रभावी संचालन और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई।

 

 

#cleanliness

Source : Agency

आपकी राय

11 + 14 =

पाठको की राय