Monday, April 27th, 2026

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बड़ी लापरवाही, 240 CCTV कैमरे हुए बंद

बेंगलुरु

आईपीएल 2026 के दौरान बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुरक्षा को लेकर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है. दरअसल, 24 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के हुए मुकाबले से पहले स्टेडियम में लगे सीसीटीवी से छेड़छाड़ की गई, जिससे निगरानी ठप पड़ गई. हालांकि, पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया. इन लोगों पर स्टेडियम के निगरानी सिस्टम (CCTV) को नुकसान पहुंचाने का आरोप है. स्टेडियम के 240 से ज्यादा CCTV कैमरे बंद हो गए थे. आरोपियों ने रिकॉर्डिंग यूनिट्स (NVR) और फाइबर ऑप्टिक केबल जैसे जरूरी उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया. कैमरों के अचानक बंद होने से स्टेडियम की सुरक्षा को बड़ा खतरा पैदा हो गया, जिससे मैच के दौरान कुछ भी अनहोनी हो सकती थी.

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार यह पूरी घटना सुरक्षा में एक बड़ी सेंधमारी थी. दोनों आरोपियों की पहचान मंजूनाथ और अब्दुल कलाम के रूप में हुई है, जो आईवीएस डिजिटल सॉल्यूशंस नाम की एक सब-कॉन्ट्रैक्टर कंपनी के लिए काम करते हैं. इसी कंपनी को स्टेडियम में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था संभालने का काम सौंपा गया था. पुलिस ने बताया कि इन दोनों ने एक डी-एक्टिवेटेड एक्सेस कार्ड का इस्तेमाल किया और बिना किसी वैध पास के स्टेडियम के सीसीटीवी सर्वर रूम में घुस गए. उन्होंने सुरक्षा के सभी नियमों को तोड़ दिया. इसके बाद आरोपियों ने सर्वर रूम के अंदर जाकर NVR और फाइबर केबल को काट दिया. इससे स्टेडियम के कई हिस्सों की निगरानी बंद हो गई. इसकी वजह से एंट्री गेट, स्टैंड्स और स्टेडियम के आसपास के इलाकों में लगे कैमरे ठप हो गए, जिससे लाइव मॉनिटरिंग रुक गई.

जांच में जुटी पुलिस
भले ही कैमरों ने काम करना बंद कर दिया था, लेकिन जैसे ही अधिकारियों को इस गड़बड़ी का पता चला, उन्होंने तुरंत वैकल्पिक इंतजाम कर दिए. इसकी वजह से मैच के दौरान सुरक्षा में कोई बड़ी कमी नहीं आने दी गई. इस मामले में कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन लोगों ने ऐसा क्यों किया और इसके पीछे उनका क्या मकसद था.

चिन्नास्वामी स्टेडियम आईपीएल के सबसे व्यस्त मैदानों में से एक है. यहां पिछले साल हुई एक दुखद भगदड़ और टिकटों की कालाबाजारी जैसी घटनाओं के बाद सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई थी. अब सीसीटीवी के साथ हुई इस छेड़छाड़ ने प्रशासन की तैयारी और निगरानी के दावों पर फिर से सवाल उठा दिए हैं. मैच की बात करें तो मैदान के अंदर खेल शानदार रहा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को हरा दिया. डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने बेंगलुरु में अपने घरेलू मैचों में शानदार खेल दिखाया. उन्होंने यहां खेले गए 5 में से 4 मैचों में जीत दर्ज की. अब आरसीबी अपने बाकी बचे ‘होम मैच’ बेंगलुरु के बजाय रायपुर में खेलेगी. यह बदलाव पहले से तय था.

 

#camre hake

Source : Agency

आपकी राय

7 + 11 =

पाठको की राय