Saturday, July 25th, 2026

Lucknow Fire Case: 15 मौतों के बाद गरजा बुलडोजर, LDA ने अवैध बिल्डिंग पर की बड़ी कार्रवाई

 लखनऊ

पहले आग की लपटें उठीं... फिर 15 लोगों की मौत ने लखनऊ के साथ-साथ पूरे देश को झकझोर दिया... और अब उसी बिल्डिंग पर बुलडोजर चल रहा है. लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड से जुड़ी इमारत पर शनिवार सुबह लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी. जेसीबी मौके पर पहुंचीं और उस हिस्से को गिराना शुरू कर दिया, जिसे एलडीए अवैध निर्माण बता रहा है। 

लखनऊ अग्निकांड के बाद एलडीए ने बिल्डिंग की जांच कराई. जांच में नियमों के उल्लंघन और अवैध हिस्सों की बात सामने आने के बाद भवन मालिक को 15 दिन का नोटिस दिया गया. कहा गया कि तय समय के भीतर अवैध निर्माण खुद हटा लें. शुक्रवार को नोटिस की अवधि खत्म हो गई. लेकिन एलडीए के मुताबिक, निर्धारित समय में पूरा अवैध निर्माण नहीं हटाया गया. इसके बाद शनिवार सुबह प्राधिकरण की टीम कार्रवाई के लिए पहुंच गई। 

आज सुबह से ही जेसीबी मशीनें बिल्डिंग के अवैध हिस्से को तोड़ने में लगी हैं. कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विरोध या अव्यवस्था न हो, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस फोर्स भी तैनात किया गया है. एलडीए के अधिकारी पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं, जबकि मजदूर और मशीनें अवैध हिस्से को गिरा रही हैं। 

हादसे के बाद सवाल उठे थे कि क्या बिल्डिंग में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था? क्या निर्माण नियमों की अनदेखी की गई थी? और अगर पहले कार्रवाई होती तो क्या इतनी बड़ी त्रासदी टाली जा सकती थी? इन्हीं सवालों के बीच एलडीए ने जांच शुरू की और अब अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया है. बुलडोजर की कार्रवाई अवैध निर्माण तक सीमित है. लेकिन सवाल अब भी वही है कि 15 लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार कौन है? अग्निकांड की जांच अभी जारी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी चल रही है. अब सभी की नजर जांच पर है। 

 

#Bulldozer

Source : Agency

आपकी राय

13 + 10 =

पाठको की राय