Friday, July 24th, 2026

बटलर ने रचा इतिहास, टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में शामिल

नई दिल्ली
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं. द हंड्रेड 2026 में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और लंदन स्पिरिट के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान उन्होंने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. 23 जुलाई (गुरुवार) को लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर आयोजित इस मैच में बटलर ने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए 11 गेंदों पर महज 16 रन बनाए, लेकिन यही छोटी पारी उन्हें रिकॉर्ड बुक में ऊपर ले जाने के लिए काफी रही.

जोस बटलर वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ते हुए टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए. बटलर के नाम अब 487 टी20 पारियों में 14572 रन हो गए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 146.74 रहा है, जबकि उन्होंने 9 शतक और 102 अर्धशतक भी जड़े हैं.

लंबे समय तक इस सूची में शीर्ष पर रहने वाले क्रिस गेल अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं. गेल ने 455 टी20 पारियों में 14562 रन बनाए थे. उनके नाम पर 22 शतक और 88 अर्धशतक दर्ज हैं. बटलर अब टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने से सिर्फ 231 रन दूर हैं. पहले स्थान पर मौजूद कीरोन पोलार्ड के नाम 14803 रन हैं. मौजूदा फॉर्म को देखते हुए बटलर के पास इस सीजन में ही पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है.

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन
कीरोन पोलार्ड (वेस्टइंडीज)- 14,803 रन
जोस बटलर (इंग्लैंड)- 14,572 रन
क्रिस गेल (वेस्टइंडीज)- 14,562 रन
एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड)- 14,449 रन
डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया)- 14,284 रन
विराट कोहली (भारत)- 14,218 रन

कुछ समय पहले तक जोस बटलर अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे थे. रन नहीं बन रहे थे और इस साल टी20 विश्व कप में भी उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 8 पारियों में सिर्फ 87 रन बनाए थे और उनका औसत महज 10.67 रहा. लेकिन आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 उनके लिए पूरी तरह बदलाव लेकर आया.

आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटन्स (GT) के लिए खेलते हुए जोस बटलर ने 152.46 की स्ट्राइक रेट से 526 रन बनाए. इसके बाद भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 64 गेंदों पर नाबाद 131 रनों की विस्फोटक पारी खेली.

जोस बटलर का दबदबा सिर्फ फ्रेंचाइजी क्रिकेट तक सीमित नहीं है. इंग्लैंड के लिए उन्होंने 160 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 4212 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 28 अर्धशतक निकले. वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं. उनसे आगे सिर्फ बाबर आजम (4596 रन) और रोहित शर्मा (4231 रन) हैं. 35 वर्षीय बटलर इंग्लैंड के इकलौते बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 3000 और 4000 रनों का आंकड़ा पार किया है.

 

#Jos Buttler

Source : Agency

आपकी राय

5 + 15 =

पाठको की राय