Tuesday, June 23rd, 2026

भारत vs पाकिस्तान हॉकी मैच: प्रो लीग में टीम इंडिया की जीत की लय जारी रखने की चुनौती

लंदन
 ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड्स के विरुद्ध रोमांचक जीत से आत्मविश्वास से भरी भारतीय पुरुष हॉकी टीम मंगलवार को एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण के शुरुआती मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के विरुद्ध इसी लय को बनाए रखने की कोशिश करेगी।

भारत और पाकिस्तान 2024 में चीन के हुलुनबुइर में हुए एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी मुकाबले के बाद पहली बार एक-दूसरे का सामना करेंगे। उस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की बदौलत भारत ने 2-1 से जीत हासिल की थी। भारत ने रोटरडम में चार में से दो मैच जीते। उन्होंने रविवार को रोटरडम चरण के आखिरी मैच में मेजबान और दुनिया की दूसरे नंबर की टीम नीदरलैंड्स को 3-2 से हराया।

पाकिस्तान का अब तक नहीं खुला है खात
भारत को दूसरी जीत (3-1) मौजूदा विश्व चैंपियन और दुनिया की पांचवें नंबर की टीम जर्मनी के विरुद्ध मिली। अन्य दो मैच में भारत को नीदरलैंड्स के विरुद्ध 2-3, जबकि जर्मनी के विरुद्ध 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम के लिए नीदरलैंड्स चरण का अनुभव बहुमूल्य रहा है। टीम इस टूर्नामेंट का इस्तेमाल इस साल होने वाली दो बड़ी प्रतियोगिताओं एफआईएच विश्व कप और एशियाई खेलों से पहले अपनी कमियों को सुधारने के लिए कर रही है।

नौ टीम वाली प्रो लीग तालिका में भारत अभी आठवें नंबर पर है। वे अपने अगले प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से आगे हैं जिसने टूर्नामेंट में अब तक एक भी अंक हासिल नहीं किया है। भारत का अगला मुकाबला गुरुवार को इंग्लैंड से होगा और फिर शुक्रवार को वे अपने दूसरे चरण के मैच में फिर से पाकिस्तान का सामना करेंगे।

 

#India vs Pakistan

Source : Agency

आपकी राय

13 + 13 =

पाठको की राय