Sunday, June 28th, 2026

झारखंड हेल्थ प्लान: स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी केंद्र से रखेंगे कई अहम प्रस्ताव

 रांची
 केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा विभिन्न राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों का सम्मेलन 29 जून से एक जुलाई तक आयोजित होगा। इस सम्मेलन में झारखंड से स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सम्मिलित होंगे। इसमें झारखंड की ओर से कैंसर मरीजों को रियायती दर पर दवा उपलब्ध कराने की मांग केंद्र से की जाएगी।

साथ ही नए मेडिकल कालेज, आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय, डिजिटल हेल्थ सिस्टम में भी आर्थिक सहायता की मांग स्वास्थ्य मंत्री करेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड़्डा की अध्यक्षता में होनेवाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देशभर में डिजिटल हेल्थ सिस्टम, स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण, मेडिकल शिक्षा के विस्तार, स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा आम जनता तक बेहतर, पारदर्शी और हाईटेक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर व्यापक मंथन करना है।

इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें एवं प्रस्ताव रखेंगे। इरफान अंसारी के अनुसार, झारखंड के सभी जिलों में मेडिकल कालेज की स्थापना एवं दो जिलों में लंबित प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध केंद्र से किया जाएगा।

डिजिटल हेल्थ सिस्टम को जिला स्तर से लेकर राज्य मुख्यालय तक पूरी तरह लागू करने के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग करने का भी केंद्र से अनुरोध किया जाएगा ताकि लोगों को पारदर्शी, त्वरित एवं हाईटेक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

राज्य के सरकारी अस्पतालों में माड्यूलर हाईटेक आपरेशन थिएटर के लिए भी आर्थिक सहायता की मांग की जाएगी। केंद्र सरकार द्वारा विकसित डिजिटल हेल्थ प्लेटफार्म एवं हेल्थ ऐप को झारखंड में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग एवं संसाधन उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया जाएगा।

मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में लिए जाने वाले निर्णयों से झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा और नई गति मिलेगी तथा राज्य के लोगों को अत्याधुनिक, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।

 

#Jharkhand Health Plan

Source : Agency

आपकी राय

8 + 12 =

पाठको की राय