Thursday, July 16th, 2026

एमआरटीआई दुमका में दाखिले का मौका, 17 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन शुरू

 रांची
 झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने दुमका स्थित मल्टी इंजन रेटिंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में नामांकन के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए 17 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन भरे जाएंगे। इसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा नौ अगस्त को आयोजित की जाएगी। जिन 15 सीटों पर नामांकन होगा, उनमें सात सीटें अनारक्षित हैं, जबकि चार सीटें एसटी तथा एक-एक सीट अन्य श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित है।

नामांकन के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ भौतिकी, गणित और अंग्रेजी में 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इस इंस्टीट्यूट में कुल 30 सीटों पर नामांकन है। इनमें 15 सीटों पर निश्शुल्क पढ़ाई होगी, जिनके लिए नामांकन इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा। शेष शुल्क आधारित 15 सीटों के लिए अभ्यर्थियों का चयन परिवहन विभाग द्वारा किया जा रहा है।

इधर, पर्षद ने बीएससी नर्सिंग (बेसिक एवं पोस्ट बेसिक) प्रवेश परीक्षा, एएनएम प्रवेश परीक्षा तथा जीएनएम प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन तीनों पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन गुरुवार से शुरू होगा। बीएससी नर्सिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि दो अगस्त निर्धारित है।

16 अगस्त को होगी प्रवेश परीक्षा
प्रवेश परीक्षा 16 अगस्त को आयोजित होगी। बेसिक पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश परीक्षा रांची, बोकारो, जमशेदपुर, धनबाद, दुमका, पलामू एवं हजारीबाग में आयोजित होगी, वहीं पोस्ट बेसिक के लिए परीक्षा केवल रांची में होगी।

वहीं, एएनएम प्रवेश परीक्षा तथा जीएनएम प्रवेश परीक्षा के लिए आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि नौ अगस्त निर्धारित है। दोनों प्रवेश परीक्षाएं 23 अगस्त को आयोजित होंगी। पहली पाली में एएनएम तथा दूसरी पाली में जीएनएम प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। यह प्रवेश परीक्षा रांची, बोकारो, धनबाद, पलामू, जमशेदपुर, दुमका एवं हजारीबाग में आयोजित की जाएगी।

 

#Tranining

Source : Agency

आपकी राय

1 + 11 =

पाठको की राय