Tuesday, April 21st, 2026

घने कोहरे और सर्दी से झारखंड में स्वास्थ्य संकट, बढ़ रहे अस्पताल के मरीज

रांची

झारखंड इन दिनों हाड़ कंपाने वाली ठंड की चपेट में है। राज्य के अधिकांश जिलों में शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। ठिठुरन से लोग बेहाल हैं। वहीं अस्पतालों में ठंड से प्रभावित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऊपर से कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई है, जिससे आवागमन में भी परेशानी हो रही है।

आज राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन के सबसे कम तापमान में से एक है। राज्य के कुल नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। रांची के अलावा डाल्टनगंज में 6.5 डिग्री, लोहरदगा में 7.1 डिग्री, गुमला में 7.3 डिग्री, खूंटी में 7.3 डिग्री, हजारीबाग में 7.6 डिग्री, कोडरमा में 8.1 डिग्री, बोकारो और चाईबासा में 9.2 डिग्री तथा लातेहार में 9.5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। ठंड की वजह से इन जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सबसे ज्यादा चिंता की बात अधिकतम तापमान में आई भारी गिरावट को लेकर है। हजारीबाग में अधिकतम तापमान महज 15.8 डिग्री सेल्सियस तक सिमट गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा। इसके चलते दिन के समय भी ठंड का एहसास हो रहा है। खासकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हजारीबाग के अलावा कोडरमा में अधिकतम तापमान 17 डिग्री, डाल्टनगंज में 18.5 डिग्री, लोहरदगा में 19.4 डिग्री और लातेहार में 19.8 डिग्री रिकॉडर् किया गया है।

राज्य के कुल पांच ऐसे जिले हैं, जहां अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे चला गया है, जबकि 19 जिलों में अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम केंद्र, रांची के अनुसार 22 दिसंबर को राज्य के 16 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, रामगढ़ और बोकारो में कोहरे का सबसे ज्यादा असर देखा गया। इसके अलावा गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, धनबाद, देवघर और जामताड़ा में भी कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया। देवघर में द्दश्यता घटकर 200 मीटर और जमशेदपुर में 300 मीटर तक पहुंच गई, जिससे यातायात पर खासा असर पड़ा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

 

#Dense fog#cold weather#Jharkhand#

Source : Agency

आपकी राय

14 + 14 =

पाठको की राय