Wednesday, July 15th, 2026

8th Pay Commission अपडेट: वेतन, DA और HRA पर कोलकाता बैठक में चर्चा, कर्मचारियों की बढ़ी उम्मीदें

नई दिल्ली
 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) का इंतजार करने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कोलकाता (Kolkata) में आयोग की बैठक पूरी हो चुकी है, जिसमें सरकारी कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और पेंशनर्स के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और खुलकर अपनी मांगें और परेशानियां आयोग के सामने रखीं।

आयोग के सामने लगातार फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) बेहतर करने, DA, HRA और TA बढ़ाने की मांग की जा रही है। किसी संगठन ने फिटमेंट फैक्टर 4 फीसदी करने की मांग की है, तो कोई डीए को बेसिक पे में मर्ज करवाना चाहता है। ऐसे में कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए ये जानना बहुत जरूरी है कि आखिरकार देश में 8वें वेतन आयोग को लेकर काम कितनी तेजी से हो रहा है।

सभी के सुझाव ले रहा आयोग
दरअसल, कोलकाता में हुई मीटिंग पहली नहीं थी । आयोग इस समय पूरे देश का दौरा कर रहा है ताकि अलग-अलग राज्यों के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स से फीडबैक लिया जा सके। इसके बाद ही आयोग अपनी फाइनल रिपोर्ट तैयार करके केंद्र सरकार को सौंपेगा। इस पूरी मेहनत का सीधा असर कर्मचारियों की बेसिक सैलरी, भत्तों (Allowances) और पेंशन पर पड़ने वाला है।

क्यों हो रही है 'फिटमेंट फैक्टर' की चर्चा?
इस समय कर्मचारियों और यूनियनों की नजरें सबसे ज्यादा 'फिटमेंट फैक्टर' (Fitment Factor) पर टिकी हुई हैं। आसान भाषा में कहें तो यो वो फॉर्मूला या नंबर होता है, जिससे आपकी मौजूदा बेसिक सैलरी को गुणा (Multiply) करके नई बेसिक सैलरी तय की जाती है। अगर फिटमेंट फैक्टर ज्यादा होगा, तो सैलरी में तगड़ा उछाल आएगा। अगर ये कम रहा, तो सैलरी में बढ़ोतरी भी उसी हिसाब से कम होगी।

इससे पहले 7th Pay Commission (सातवें वेतन आयोग) में सरकार ने फिटमेंट फैक्टर 2.57 तय किया था। इस बार उम्मीदें इससे कहीं ज्यादा की हैं। हालांकि, सरकार या आयोग ने अभी तक 8th Pay Commission के लिए किसी फाइनल नंबर का एलान नहीं किया है।

DA और HRA पर क्या होगा असर?
मालूम हो कि फिटमेंट फैक्टर सिर्फ बेसिक सैलरी ही नहीं बदलता, बल्कि इसका सीधा कनेक्शन आपके दूसरे भत्तों से भी है। कर्मचारियों का Dearness Allowance (DA - महंगाई भत्ता), HRA (मकान किराया भत्ता) और TA (ट्रांसपोर्ट भत्ता) भी बेसिक सैलरी के आधार पर ही तय होता है। यानी अगर आपकी बेसिक सैलरी बढ़ती है, तो ये सारे भत्ते खुद-ब-खुद बढ़ जाएंगे और आपका कुल सैलरी पैकेज काफी शानदार हो जाएगा। ठीक इसी तरह, पेंशनर्स की मासिक पेंशन में भी एक बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।

अब कहां होगी अगली मीटिंग?
कोलकाता में हुई बैठक के बाद फिलहाल आयोग की अगली बैठक का कोई शेड्यूल सामने नहीं आया है। लेकिन हो सकता है कि आयोग आगे भी किसी दूसरे शहर में कर्मचारी संगठन और यूनियनों से मुलाकात करे। बता दें कि इससे पहले आयोग की तमाम बैठके दिल्ली, लखनऊ और हैदराबाद जैसे शहरों में हो चुकी हैं, जहां आयोग ने कई सारे संगठनों से मुलाकात की और उनके सुझाव लिए।

कब बढ़कर आएगा पैसा?
आयोग की ओर से फिलहाल इसकी तारीख नहीं बताई गई है। 8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था, और आयोग ने अपनी फाइनल रिपोर्ट तैयार करने के लिए 17 महीनों का समय मांगा था। ऐसे में अगले साल यानी कि 2027 तक आयोग संभवतः अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप देगा और केंद्र सरकार ही अंतिम फैसला सुनाएगी।

 

 

#8th Pay Commission

Source : Agency

आपकी राय

15 + 10 =

पाठको की राय