Monday, July 13th, 2026

पर्यटकों को राहत, तवा रिसॉर्ट में जलपरी और मोटरबोट सेवा बहाल

 इटारसी
मध्य प्रदेश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल तवानगर में पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। करीब दो महीने के अंतराल के बाद शनिवार से मध्य प्रदेश पर्यटन निगम द्वारा संचालित क्रूज, जलपरी और मोटरबोट का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है। जबलपुर के बरगी जलाशय में एक मई को हुए क्रूज हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से पूरे प्रदेश के बोट क्लबों और जल क्रीड़ा गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी गई थी।

अब व्यापक सुरक्षा जांच और सभी मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित होने के बाद तवा डैम के बैकवॉटर में बोटिंग की अनुमति फिर से दे दी गई है।

एनआईडब्ल्यूएस की टीम ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
बोटिंग संचालन को दोबारा शुरू करने से पहले गोवा स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वॉटर स्पोर्ट्स (NIWS) की विशेषज्ञ टीम ने तवा रिसोर्ट और बोट क्लब का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने बोटिंग से जुड़े सुरक्षा उपकरणों, संचालन प्रणाली और आपातकालीन व्यवस्थाओं की तकनीकी जांच की।

निरीक्षण के दौरान सुझाए गए सभी आवश्यक सुधार पूरे किए गए। इसके बाद विशेषज्ञों ने बोटिंग संचालन को सुरक्षित मानते हुए अनुमति प्रदान कर दी।

सुरक्षा मानकों के बाद मिली संचालन की मंजूरी
बरगी हादसे के बाद राज्य सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के सभी बोट क्लबों का निरीक्षण कराने का निर्णय लिया था। निरीक्षण में सामने आई तकनीकी कमियों को दूर करने के बाद चरणबद्ध तरीके से बोटिंग गतिविधियों को फिर शुरू किया जा रहा है।

इसी क्रम में मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित तवा बोट क्लब भी अब पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया गया है। यहां आने वाले पर्यटक एक बार फिर क्रूज, जलपरी और मोटरबोट की सैर का आनंद ले सकेंगे।

पर्यटकों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। तवा रिसॉर्ट बोट क्लब में सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया है। पर्यटक पूर्ण सुरक्षा के साथ बोटिंग का अब आनंद ले सकेंगे। मानसून के दौरान तवा डैम का मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करती है। बोटिंग सेवा दोबारा शुरू होने से अब पर्यटक तवानगर के सुहावने मौसम और बैकवाटर की खूबसूरती का भरपूर आनंद उठा सकेंगे।
    - श्यामेंद्र अवस्थी, वरिष्ठ प्रबंधक, मप्र पर्यटन

 

 

#Jalpari

Source : Agency

आपकी राय

7 + 12 =

पाठको की राय