Saturday, July 18th, 2026

बालाघाट के डायल-112 हीरोज घर की राह भटके 07 वर्षीय बालक को सुरक्षित परिजनों से मिलाया

भोपाल 

बालाघाट जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में डायल-112 जवानों की संवेदनशीलता एवं तत्पर कार्यवाही से घर का रास्ता भटक गए 07 वर्षीय बालक को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया गया। समय पर की गई सहायता से बालक सकुशल अपने परिवार तक पहुँच सका।

16 जुलाईको राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चित्रकूट नगर में रेलवे पटरी के पास एक 07 वर्षीय बालक मिला है, जो घर का रास्ता भटक गया है तथा उसे पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

डायल-112 स्टाफ आरक्षक दिनेश यादव एवं पायलट  विजय कावड़े ने मौके पर पहुँचकर बालक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। डायल-112 जवानों ने बालक को एफआरव्ही वाहन में साथ लेकर आसपास के क्षेत्र में उसके परिजनों की तलाश एवं पूछताछ की, किन्तु परिजनों की जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।

इसके बाद बालक के संबंध में जानकारी स्थानीय सोशल मीडिया समूहों में साझा की गई। सोशल मीडिया के माध्यम से बालक के परिजनों की जानकारी प्राप्त हुई। परिजनों को थाना बुलाया गया और आवश्यक पहचान एवं सत्यापन उपरांत बालक को सुरक्षित उनके सुपुर्द किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बालक खेलते-खेलते घर से दूर निकल गया था और रास्ता भटक गया था। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने डायल-112 सेवा एवं पुलिस जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

डायल-112 हीरोजश्रृंखला की यह घटना दर्शाती है कि डायल-112 सेवा केवल आपातकालीन सहायता ही नहीं, बल्कि बच्चों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए मानवीय संवेदनाओं के साथ हर परिस्थिति में सहायता पहुँचाने का कार्य भी निरंतर कर रही है।

 

 

#Balaghat Heroes

Source : Agency

आपकी राय

8 + 9 =

पाठको की राय