Thursday, April 16th, 2026

आयुष शेट्टी रच रहे इतिहास, 60 साल बाद भारत को फाइनल में दिलाई जगह

निंगबो

भारत के आयुष शेट्टी ने शीर्ष वरीयता प्राप्त और गत चैंपियन कुन्लावत वितिदसर्न को शनिवार को तीन गेम के मुकाबले में हराकर बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। दुनिया के 25वें नंबर के खिलाड़ी आयुष ने पेरिस ओलंपिक रजत पदक विजेता और 2023 विश्व चैम्पियन वितिदसर्न पर 10-21, 21-19, 21-17 से जीत दर्ज की। वह दिनेश खन्ना के बाद इस टूर्नामेंट के पुरुष एकल फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए। खन्ना ने 1965 में पुरुष एकल स्वर्ण जीता था। सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने 2023 में खिताब जीता था।

अमेरिकी ओपन सुपर 300 चैंपियन आयुष का सामना अब चीनी ताइपै के चौथी वरीयता प्राप्त चोउ तियेन चेन या दूसरी वरीयता प्राप्त चीन के शि यू की से होगा। आयुष ने फाइनल तक के सफर में एक भी गेम नहीं गंवाया था। वितिदसर्न ने उन्हें आर्कटिक ओपन में पिछले साल सीधे गेम में हराया था। वितिदसर्न ने शुरुआत में 4-0 की बढ़त बना ली। ब्रेक के समय स्कोर 11-5 था और पहला गेम उन्होंने आसानी से जीत लिया। दूसरे गेम में आयुष ने दमदार वापसी की और कूदकर स्मैश लगाते हुए 3-1 की बढत बनाई। यह जल्दी ही 7-1 की हो गई चूंकि वितिदसर्न ने कई सहज गलतियां की। ब्रेक के समय स्कोर 11-4 था।

आयुष ने बीच में कुछ गलतियां की जिससे वितिदसर्न ने 13-11 से वापसी की लेकिन जल्दी ही क्रॉसकोर्ट स्मैश से वापसी करते हुए स्कोर 16-11 कर लिया। बैकहैंड पर फ्लिक से आयुष ने छह अंक बनाए और दूसरा गेम अपने नाम किया। तीसरे गेम में उन्होंने 4-1 से शुरुआत की और वितिदसर्न को दबाव में ला दिया। उनकी बढ़त 17-10 की हो गई और आक्रामक स्ट्रोक्स से वह 19-13 से आगे हो गए। इसके बाद लगातार मैच प्वाइंट बनाकर उन्होंने जीत दर्ज की।

आयुष शेट्टी ने शुक्रवार को इंडोनेशिया के दुनिया के नंबर चार खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी को हराकर उलटफेर करते हुए अपने करियर की सबसे बड़ी जीत हासिल करने के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने एक कड़े मुकाबले वाले क्वार्टरफाइनल में ऊंची रैंकिंग पर काबिज क्रिस्टी पर लगातार दबदबा बनाते हुए जोरदार स्मैश की बदौलत 23-21, 21-17 से जीत दर्ज की। यह क्रिस्टी और शेट्टी के बीच टूर पर पहली भिड़ंत थी। शेट्टी कोच इरवानस्याह आदि प्रतामा के साथ मिलकर रणनीति रूप से पूरी तरह तैयार दिखे जो पहले क्रिस्टी के भी कोच थे।

 

#Ayush Shetty

Source : Agency

आपकी राय

13 + 13 =

पाठको की राय