Thursday, August 6th, 2026

मिलावटी दूध मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश, खाद्य सुरक्षा विभाग करेगा जांच

 रांची
राजधानी के गुदड़ी चौक में कथित तौर पर केमिकल और पानी मिलाकर नकली दूध तैयार किए जाने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। इस मिलावट का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची के सिविल सर्जन डॉ. अमरेश प्रसाद ने जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जो शुक्रवार को संबंधित प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर जांच करेगी।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गुदड़ी चौक स्थित एक प्रतिष्ठान में कथित रूप से केमिकल, पानी और अन्य पदार्थों की मिलावट कर दूध तैयार किया जा रहा था। आशंका है कि इस दूध की आपूर्ति राजधानी के विभिन्न इलाकों में की जा रही थी। मामला सामने आने के बाद आम लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।

मिलावट गंभीर और कानूनन दंडनीय अपराध
सिविल सर्जन डॉ. अमरेश प्रसाद ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट गंभीर और कानूनन दंडनीय अपराध है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठान और उसके संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों को पूरे मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार बाजार की निगरानी कर रहा है और मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता है।

किसी भी तरह की मिलावट आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग को दें सूचना
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं दूध या अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका हो या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

 

#synthetic milk

Source : Agency

आपकी राय

10 + 8 =

पाठको की राय