Wednesday, April 22nd, 2026

बिहार में नई टीम तैयार! नीतीश की कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं 10 नए चेहरे

पटना 
बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद अब नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया चल रही है। नीतीश कैबिनेट में भाजपा, जदयू, लोजपा-रामविलास, हम और आरएलएम से कितने और कौन-कौन मंत्री होंगे इस पर भी मंथन जारी है। पटना से दिल्ली तक एनडीए नेताओं की बैठकों का दौर चल रहा है। अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, नई नीतीश कैबिनेट में 8 से 10 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। इनमें नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड से अधिकतर पुराने चेहरों को ही मौका दिया जाएगा। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी लगभग आधे मंत्री बदल सकती है।
 
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कई दावे किए जा रहे हैं। इनमें बताया जा रहा है कि 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम समेत 20 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। फिर कुछ दिन बाद कैबिनेट का विस्तार करके अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह कराया जाएगा।

बिहार चुनाव 2025 के नतीजों में एनडीए को कुल 243 में से 202 सीटों पर जीत मिली। भाजपा ने 89, जदयू ने 85, लोजपा-आर ने 19, हम ने 5 और आरएलएम ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की। फॉर्मूले के अनुसार 6 विधायक पर एक मंत्री बनाया जाना है। इस हिसाब से भाजपा से सर्वाधिक 15 बन सकते हैं। जबकि जदयू से 13-14 नेताओं को मंत्रि परिषद में जगह दी जा सकती है। वहीं, चिराग पासवान की पार्टी लोजपा-आर से 3 और जीतनराम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा एवं उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक मंत्री बनाया जा सकता है।

जदयू में अधिकतर पुराने चेहरे रिपीट होंगे?
नीतीश कुमार की पार्टी में पुराने चेहरों को ही कैबिनेट में रिपीट किए जाने की चर्चा चल रही है। हालांकि, पिछली बार मंत्री रहे सुमित कुमार सिंह जेडीयू के टिकट पर चुनाव हार गए हैं, उनकी जगह किसी नए चेहरे को शामिल किया जा सकता है। वहीं, एक-दो मौजूदा मंत्रियों का भी पत्ता कट सकता है। उनकी जगह नए नेताओं को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है।

जदयू से चर्चा में ये नए चेहरे
जेडीयू से जिन नए नामों की चर्चा चल रही है, उनमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशावाहा का नाम रेस में सबसे आगे है। इस चुनाव में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाले रूपौली से विधायक बने कलाधर मंडल को भी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। उनके अलावा, राहुल कुमार सिंह, सुधांशु शेखर, पन्ना लाल सिंह पटेल का नाम भी चर्चा में है।

भाजपा से ये नए चेहरे बन सकते हैं मंत्री
नीतीश कैबिनेट में भाजपा से ज्यादा नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं। भाजपा से जिन नए चेहरों के मंत्री बनने की चर्चा है, उनमें राणा रणधीर, गायत्री देवी और विजय कुमार खेमका का नाम शामिल है। उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान की पार्टी से भी पहली बार नए मंत्री बनाए जाएंगे। वहीं, जीतनराम मांझी की पार्टी से उनके बेटे संतोष सुमन के ही दोबारा मंत्री बनने की संभावना है।

भारतीय जनता पार्टी पिछली बार की तरह स्पीकर का पद भी अपने पास रख सकती है। हालांकि, जेडीयू की नजर भी विधानसभा अध्यक्ष के पद पर है। दूसरी ओर, नई नीतीश सरकार में कितने डिप्टी सीएम होंगे, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है। अटकलों के अनुसार, भाजपा से दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। चिराग की पार्टी से भी एक चेहरा डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है, लेकिन इसकी संभावना कम नजर आ रही है।

 

 

#These BJP-JDU leaders could get ministerial berths

Source : Agency

आपकी राय

15 + 3 =

पाठको की राय