सीएसके की जर्सी में कब दिखेंगे एमएस धोनी मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले से हो सकती है वापसी
एमएस धोनी के फैंस के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत अच्छी नहीं रहेगी, क्योंकि इंजरी के चलते माही 19वें सीजन के शुरुआती कुछ मैचों में नजर नहीं आएंगे. लेकिन अब यह सामने आ गया है कि धोनी शुरुआत के कितने मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में नहीं दिखेंगे. इसके अलावा यह भी जानेंगे किस मैच में किस तारीख को धोनी की वापसी हो सकती है.
कितने मैच मिस कर सकते हैं धोनी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में सीएसके के एक सोर्स के हवाले से कहा गया कि धोनी की वापसी अप्रैल के अंत में हो सकती है. लिहाजा धोनी कम से कम 6 मैच मिस कर सकते हैं. बीते शनिवार (28 मार्च) को चेन्नई ने एक बयान जारी करते हुए कहा था कि धोनी फिलहाल पिंडली की चोट से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं.
टूर्नामेंट के शुरुआती 2 हफ्तों तक बाहर रह सकते हैं.
बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स 19वें सीजन में अपने अभियान का आगाज 30 मार्च, सोमवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबला खेलकर करेगी. यह मैच गुवाहटी के बारसपारा स्टेडियम में खेला जाएगा.
सीएसके छठा लीग मैच 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हैदराबाद में खेलेगी. अगर धोनी इस मैच तक बाहर रहते हैं और सातवें मैच में उनकी टीम में वापसी होती है, तो वह 23 अप्रैल को चेन्नई के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच खेलते हुए दिख सकते हैं. हालांकि धोनी की वापसी की तारीख को लेकर अब तक आधिकारिक अपडेट नहीं आया है.
एमएस धोनी का आईपीएल करियर
एमएस धोनी ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 278 मुकाबले खेल लिए हैं. इन मैचों की 242 पारियों में बैटिंग करते हुए माही ने 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से 5439 रन बना लिए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 24 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें हाई स्कोर 84* रनों का रहा है. पिछले सीजन माही ने 13 पारियों में 196 रन बनाए थे.

पाठको की राय